दो बार यशपाल को टिकट देकर वापस ली, संयम रखने पर पुरस्कार में पार्टी ने फिर सौंपी बीकानेर की कमान

बीकानेर. प्रदेश कांग्रेस के इतिहास में संभवत: यह पहला वाकया था जब एक प्रत्याशी को पहले एक विधानसभा सीट से चुनाव की टिकट दी। फिर बदलकर दूसरे विधानसभा क्षेत्र से प्रत्याशी बनाया। परन्तु दोनों ही सीट पर चुनाव नहीं लड़ाते हुए टिकट वापस ले ली। एेसे में संयम का परिचय देते हुए चुपचाप पार्टी के लिए काम करते रहने का पुरस्कार यशपाल गहलोत को अब मिला है। प्रदेश कांग्रेस ने यशपाल गहलोत को फिर से कांग्रेस का बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष मनोनीत किया है।

यशपाल पांच साल से अधिक समय से कांग्रेस के जिलाध्यक्ष है। बुधवार को यशपाल को फिर जिलाध्यक्ष घोषित करने की सूचना मिलते ही उनके समर्थक खुशी से झूम उठे। मंत्री बीडी कल्ला के परिवार के सदस्यों समेत कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता जिलाध्यक्ष बनने की दौड़ में थे। परन्तु कांग्रेस हाईकमान की ओर से फिर से यशपाल गहलोत को ही बीकानेर की कमान सौंपने का फैसला कर सबको चौंका दिया।

यशपाल ने आगे भी शहर जिलाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने पर सहजत दिखाते हुए पार्टी के सभी लोगों को एकजुट कर मजबूत करने की बात कही है। उनके निवास पर समर्थक बधाई देने जुटे। वहीं अब कांग्रेस नेता देहात कांग्रेस जिलाध्यक्ष की घोषणा होने का बेसब्री से इंतजार कर रहे है।

व्यक्ति नहीं संगठन सर्वोपरि -गहलोत

शहर कांग्रेस कमेटी के दुबारा अध्यक्ष बने गहलोत ने कहा कि संगठन में व्यक्ति नहीं संगठन ही सर्वोपरि होता है। संगठन और शीर्ष नेतृत्व की ओर से दिया गया हर आदेश मानना प्रत्येक कार्यकर्ता का नैतिक दायित्व होता है। राजस्थान पत्रिका से बातचीत में शहर अध्यक्ष गहलोत ने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से जिस भरोसे और उम्मीद के साथ मुझे यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, इसे सभी के सहयोग से पूरा करने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। कोई कमी नहीं रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि शहर में संगठन को और मजबूत बनाना तथा घर-घर और गली-गली तक कांग्रेस कार्यकर्ता तैयार करना उनकी प्राथमिकता में शामिल होगा।

हर आदेश शिरोधार्य

शहर कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश और केन्द्रीय नेतृत्व का हर आदेश और जिम्मेदारी शिरोधार्य है। न्यास अध्यक्ष की दौड़ में प्रमुखता से नाम होने के बाद शहर अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के सवाल पर गहलोत ने कहा कि यह शीर्ष नेतृत्व का काम है कि किस कार्यकर्ता से किस प्रकार का काम लिया जाना है और कौनसी जिम्मेदारी देनी है। मुझे शहर अध्यक्ष का काम सौंपा गया है। इसे पूरी निष्ठा और मेहनत से पूरा करने और नेतृत्व की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास करुंगा। वर्ष २०२३ में होने वाले विधानसभा चुनाव में शहर की दोनों सीटों पर कांग्रेस विजयी हो, इसके लिए प्रमुखता से कार्य किया जाएगा। सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाकर उनको लाभान्वित करवाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे। शहर अध्यक्ष ने कहा कि नगर निगम को भी जल्द नेता प्रतिपक्ष मिलेगा।

कोई धड़ेबंदी नहीं, कांग्रेस एकजुट

शहर अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस में कोई धड़ेबंदी और गुटबाजी नहीं है। पार्टी के सभी कार्यकर्ता एक है और आमजन की सेवा के लिए तत्पर है। मुख्यमंत्री और प्रदेशाध्यक्ष के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य हो रहे है। अभियान के माध्यम से शहरों से गांव -गांव और ढाणी -ढाणी तक बैठे लोग लाभान्वित हो रहे है। गहलोत ने केन्द्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा का दोहरा चेहरा है। यह जुमलेबाजी की सरकार है। महंगाई से आमजन परेशान है।

मिठाइयां बांटी, खुशियां मनाई

यशपाल गहलोत के शहर कांग्रेस अध्यक्ष बनने पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुशियां मनाई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता गहलोत के निवास पर पहुंचेे और पुष्पमालाएं पहनाकर बधाइयां दी। कार्यकर्ताओं ने एक -दूसरे को मिठाइयां खिलाकर खुशी का इजहार किया। इस दौरान परमानंद गहलोत, रवि पुरोहित, डॉ. मिर्जा हैदर बेग, जहुरद्दीन, शिव गहलोत, सुमित कोचर, डॉ. पी के सरीन, सुभाष स्वामी, अमित सोलंकी, मनोज चौधरी, मनोज किराडू, अकरम शाह, अनिल कुमार आदि कार्यकर्ता मौजूद रहे।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/congress-bikaner-city-district-president-nominated-7202043/

Comments

Popular posts from this blog

नाल पुलिस ने नशीली टेबलेट व डोडा-पोस्त तस्करों के डाली नकेल

कोरोना से तीन की मौत, १६९ नए संक्रमित

बीकानेर- मेघगर्जन के साथ धूल भरी आंधी की संभावना