चंडीगढ़ की राह हुई मुश्किल, डेढ़ साल से गाड़ी बंद
राजस्थान परिषद ने उठाई आवाज, रेल मंत्री को लिखा पत्र
बीकानेर.
बीकानेर से चंडीगढ़ जाने वाले रेल यात्रियों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। करीब डेढ़ साल से चंडीगढ़ के लिए सीधी कोई ट्रेन नहीं है। जबकि पूर्व में बाड़मेर कालका एक्सप्रेस चंडीगढ़ होकर कालका जाती थी। लेकिन वर्तमान में बाड़मेर से ऋषिकेश जाने वाली ट्रेन संख्या 04888 अंबाला से सीधे हरिद्वार-ऋषिकेश का सफर तय करती है।
ऐसे में चंड़ीगढ़ जाने और चंडीगढ़ से बीकानेर आने वाले रेल यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। चंडीगढ़ के राजस्थान परिषद के पदाधिकारियों ने बीकानेर से चंडीगढ़ के लिए सीधी ट्रेन मुहैया करवाने के लिए रेल मंत्री को पत्र लिखा है। परिषद के पदाधिकारियों ने बताया कि पूर्व में अंबाला के बाद आधी ट्रेन हरिद्वार और आधी चंडीगढ़ होते हुए कालका जाती थी, लेकिन करीब डेढ़ साल इस मार्ग पर सीधे चंडीगढ़ के लिए कोई ट्रेन नहीं है।
पदाधिकारियों के अनुसार अन्य जिलों से चंडीगढ़ के लिए संचालित ट्रेनों को भी पूर्व में बंद किया गया था, लेकिन उन्हें पुन: शुरू कर दिया है, लेकिन बाड़मेर वाया बीकानेर होकर चंडीगढ़-कालका चलने वाली सीधी रेले को बंद कर दिया गया है। अब ट्रेन अंबाला से सीधे ऋषिकेश जा रही है। चंडीगढ़ के लिए सीधे कोई रेलसेवा नहीं होने से चंडीगढ़ पीजीआइ हॉस्पीटल जाने वाले मरीज भी परेशान हैं।
समय सारणी कर रही भ्रमित
रेलवे की वेबसाइट में अगर कोई रेल यात्री बीकानेर से चंडीगढ़ सर्च करें तो उसे गाड़ी संख्या १४८८८ बाड़मेर-कालका एक्सप्रेस दिखाई देगी। जो बाड़मेर से कालका वाया चंडीगढ़ होकर जाना बता रही है। लेकिन हकीकत में चंडीगढ़ के लिए सीधे कोई ट्रेन ही नहीं है। वायदा कारोबारी पुखराज चौपड़ा ने बताया कि बीकानेर के सैंकड़ों परिवार चंडीगढ़ में अपना व्यापार करते हैं। वहीं यहां से प्रतिमाह सैंकड़ों लोग चंडीगढ़ स्थित पीजीआइ अस्पताल में उपचार करवाने जाते हैं। लेकिन सीधी रेल सेवा नहीं होने से उन्हें परेशानी का सामना करना पड़ता है।
सीधी रेल सेवा जरूरी
चंडीगढ़ के लिए सीधी रेल सेवा समय की मांग है। पूर्व में यहां संचालित ट्रेन को कोरोना महामारी से पहले ही बंद किया जा चुका है। इस संबंध में बार-बार रेल मंत्री को पत्र लिख रहे हैं, लेकिन इस ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा। चंडीगढ़ के व्यापारिक संगठनों और पीजीआइ अस्पताल आने-जाने वालों के लिए पूर्व में संचालित सीधी रेल सेवा बहुत ही लाभदायक और कारगर थी।
रामलाल सेठिया, सदस्य, राजस्थान परिषद, चंडीगढ़
source https://www.patrika.com/bikaner-news/the-road-to-chandigarh-became-difficult-the-car-stopped-for-one-and-a-6974449/
Comments
Post a Comment