पचास फीसदी ही खुली दुकानें, दिखी पुलिस की सख्ती

जन अनुशासन पखवाड़े में ग्यारह बजे तक ही खुलनी थी दुकानें
बीकानेर.
जन अनुशासन पखवाड़े की सख्ती के बाद सोमवार से प्रभावी हुई नई गाइडलाइन के चलते शहर के प्रमुख बाजारों में पचास फीसदी दुकानें ही खुली। आमतौर पर सुबह दस बजे दुकानें खोलने वाले व्यापारियों ने अपनी दुकानें नहीं खोली। असल में नई गाइडलाइन के तहत सोमवार से किराना, फल-सब्जी, फूल-मालाएं तथा पशु चारे से जुड़ी दुकानों को सुबह छह से ग्यारह बजे तक ही खुला रखने की अनुमति थी।

ऐसे में फड़बाजार, केईएम रोड, कोटगेट, दाऊजी रोड तथा बड़ा बाजार सहित शहर के प्रमुख बाजारों की अधिकतर दुकानें खुली ही नहीं। व्यापारियों का तर्क था कि बाजार में ग्राहकी नौ-दस बजे के बाद ही शुरू होती है, ऐसे में उन्होंने एक-दो घंटे दुकानों को खोलना मुनासिब नहीं समझा।


पुलिस की दिखी सख्ती
गाइडलाइन में हुए समय परिवर्तन को जिला पुलिस ने सख्ती से लागू करवाने का प्रयास किया। सुबह ग्यारह बजे के बाद अपने घरों से बाहर निकलने वाले लोगों को समझाइश के साथ-साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों के पुलिस ने चालान भी काटे।


पुलिस जाब्ता किया तैनात
उधर जिला पुलिस अधीक्षक प्रीति चन्द्रा के निर्देश पर सोमवार को बीकानेर जिले की सीमा पर पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया। आवश्यक श्रेणी से इतर वाहन चालकों के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। वहीं चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े वाहनों को पुलिस ने रियायत देते हुए जाने दिया गया। वहीं बीकानेर शहरी सीमा में प्रवेश करने वाले वाहनों में सवार लोगों की कोविड रिपोर्ट नेगेटिव देखने के बाद ही उन्हें शहरी सीमा में प्रवेश दिया गया। जिला प्रशासन के अधिकारियों की मानें तो जिले में कोविड नियंत्रण के लिए बाहरी व्यक्तियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/fifty-percent-shops-open-police-s-strictness-seen-6821112/

Comments

Popular posts from this blog

एक व्यक्ति नहर में कूदा, मौत

3700 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त

जिला कलक्टर और महापौर ने किया पोस्टर का विमोचन