शिवालयों में हर-हर महादेव, अभिषेक-पूजन के चले दौर

बीकानेर. सावन के पहले सोमवार पर शिव मंदिरों सहित घरों में भगवान शिव का रूद्राभिषेक, पूजन कर महाआरती की गई। अलससुबह से शुरू हुआ अभिषेक-पूजन का दौर रात तक चला। इस दौरान शिव भक्तों ने इष्टदेव महादेव की प्रसन्नता के लिए जल, दूध, दही, शर्करा, शहद, घी, विजया, गंगाजल, ईख रस से अभिषेक पर आक,धतूरा, पुष्पमाला, भस्म आदि से श्रृंगार किया। इस अवसर पर भजन, कीर्तन और स्तुती गान हुआ।

सावन सोमवार पर सुबह से शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। मंदिर परिसर हर-हर महादेव और बम भोले के जयकारों से गूंजते रहे। मंदिरों में रात तक अभिषेक-पूजन चलते रहे। कई मंदिरों को रंग बिरंगी रोशनियों से सजाया गया। घरों में भी महादेव का अभिषेक-पूजन कर आरती की गई।

 

 

वेद मंत्रों की गूंज, दर्शन-पूजन का चला दौर

सावन सोमवार पर शहर में स्थित शिवालयों में दिनभर महादेव का अभिषेक-पूजन के आयोन हुए। हनुमान हत्था स्थित बारह महादेव, श्रीरामसर रोड स्थित धरणीधर महादेव, अमरेश्वर महादेव, महानन्द महादेव, करमीसर रोड स्थित काशी विश्वनाथ, ओझा बगीची स्थित गज गंगेश्वर, शिवबाड़ी स्थित लालेश्वर महादेव, सागर स्थित महादेव, नत्थूसर गेट जोशी बगीची, सूरदासाणी बगीची, रंगोलाई, बारह गुवाड स्थित जबरेश्वर महादेव, भट्ठड़ों का चौक स्थित अचलेश्वर महादेव, मरुनायक चौक स्थित नाटेश्वर, जस्सोलाई स्थित जनेश्वर, गोपेश्वर बस्ती स्थित गोपेश्वर महादेव सहित भूतनाथ, शिखरबंद महादेव, गौरी शंकर महादेव सहित विभिन्न शिवालयों में अभिषेक-पूजन, श्रृंगार और महाआरती के आयोजन हुए। रूद्राष्टध्यायी पाठ के वेद मंत्रों के उच्चारण के बीच महादेव का अभिषेक किया गया।

 

 

पार्थिव शिवलिंग का पूजन-अनुष्ठान

सावन में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग का निर्माण और पूजन अनुष्ठान शुरू हो गया है। शिवभक्त प्रतिदिन मिट्टी से शिवलिंग बनाकर उनका अभिषेक, पूजन कर महाआरती कर रहे है। पहले सोमवार पर पार्थिव शिवलिंग का विशेष पूजन और अभिषेक किया गया। इक्कीसिया गणेश मंदिर परिसर में चल रहे अनुष्ठान में पंडित राजेन्द्र किराडू के नेतृत्व में पार्थिव शिवलिंग का अभिषेक, पूजन किया गया। वेदपाठी ब्राह्मणों के सामूहिक मंत्रोचार के बीच महादेव का अभिषेक किया गया। वहीं कई स्थानों पर चल रहे पार्थिव शिवलिंग पूजन अनुष्ठान मे अभिषेक, महाआरती, भजन, कीर्तन और स्तुती गान हुआ।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/monday-of-sawan-6974353/

Comments

Popular posts from this blog

नाल पुलिस ने नशीली टेबलेट व डोडा-पोस्त तस्करों के डाली नकेल

कोरोना से तीन की मौत, १६९ नए संक्रमित

बीकानेर- मेघगर्जन के साथ धूल भरी आंधी की संभावना