बीकानेर शहर में सर्वाधिक, नोखा में सबसे कम टीकाकरण
बीकानेर. जिले में शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक कोरोना टीकाकरण का क्रम जारी है। टीकाकरण अभियान के तहत जहां 45 साल से अधिक 80 प्रतिशत व्यक्तियों का टीकाकरण हो चुका है, वहीं 18 से 44 साल तक के 30.80 प्रतिशत युवाओं के वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। आरसीएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता के अनुसार जिले में 10 लाख 83 हजार से अधिक युवाओं के टीकाकरण का लक्ष्य है।
जिसमें से 28 जून तक 3 लाख 33 हजार 657 युवाओं के कोरोना वैक्सीन की पहली डोज लग चुकी है। जिले में बीकानेर शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक 18 से 44 साल तक के युवाओं का टीकाकरण हुआ है। यहां 44.27 प्रतिशत युवाओं ने वैक्सीन की डोज लगवाई है। जबकि नोखा ब्लॉक में सबसे कम 20.87 प्रतिशत युवाओं के कोरोना वैक्सीन की डोज लगी है।
ब्लॉक अनुसार टीकाकरण
आरसीएचओ के अनुसार लूणकरनसर ब्लॉक में 32.20 प्रतिशत, कोलायत ब्लॉक में 30.55 प्रतिशत, खाजूवाला ब्लॉक में 26.67 प्रतिशत, श्रीडूंगरगढ़ ब्लॉक में 26.57 प्रतिशत और बीकानेर ग्रामीण ब्लॉक में 23.46 प्रतिशत युवाओं का टीकाकरण हुआ है।
45 साल से अधिक आयु में बीकानेर ग्रामीण में सबसे कम
जिले में 45 साल से अधिक आयु के 80 प्रतिशत व्यक्तियों का कोरोना टीकाकरण हो चुका है। आरसीएचओ के अनुसार इनके पहली अथवा दूसरी डोज लग चुकी है। इस आयु वर्ग में भी बीकानेर शहरी क्षेत्र में सबसे अधिक 93 प्रतिशत व्यक्तियों का टीकाकरण हो चुका है। जबकि बीकानेर ग्रामीण में सबसे कम 64.87 प्रतिशत व्यक्तियों का टीकाकरण हुआ है। जिले में 45 साल से अधिक आयु के 5 लाख 10 हजार 825 व्यक्तियों का कोरोना टीकाकरण होना है। इनमें से 28 जून तक 4 लाख 8 हजार 649 लोगों का वैक्सीनेशन हो चुका है।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/corona-vaccination-6921849/
Comments
Post a Comment