फिर बढ़ रही गर्मी, उमस भी बरकरार
बीकानेर. अंचल में फिर गर्मी का जोर बढ़ रहा है वहीं उमस भी पसीने छुड़ा रही है। दिनों-दिन फिर से तापमान बढ़ रहा है। दो दिन पूर्व आई बारिश से तापमान चार डिग्री गिर गया था। अब गर्मी फिर से तेजी दिखा रही है। सोमवार का दिन भी उमस भरा रहा। हांलांकि सूर्योदय के दो घंटे बाद वातावरण गर्म होने लगा। हवा मंद होने से उमस भी चिपचिपाहट कर रही थी। इससे दोपहर भर बैचेनी रही। शनिवार को आई बारिश के बाद रविवार को तापमान चार डिग्री गिरकर ३९.८ डिग्री एवं न्यूनतम २५ डिग्री तक हो गया था पर सोमवार को फिर से उछलकर ४२.५ पर आ गया। वहीं न्यूनतम भी चार डिग्री चढ़ गया। बाजार अब शाम सात बजे तक खुलने से चहल पहल रही। दोपहर को ज्यूस की दुकानों में भी लोग गला तर करते नजर आए। शाम को भी शीतल पदार्थों, आइसक्रीम पार्लर व बर्फ के छत्तों की दुकानों में भी युवा व बच्चे इनका मजा लेते दिखे। आषाढ़ का महीना चल रहा है। जेठ के महीने में भी इस बार पारा ४५ डिग्री तक नहीं पहुंच पाया। जबकि हर वर्ष जून में तापमान ४७ डिग्री के आसपास तक पहुंच जाता है। इस बार लगातार बदलते मौसम से तेज गर्मी का इतना असर नहीं हो पाया।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/bikaner-weather-news-6920458/
Comments
Post a Comment