पुलिस ने घेराबंदी कर जेल ब्रेक के मास्टर माइंड को दबोचा

बीकानेर. नोखा उप कारागार ब्रेक के मास्टर माइंड को जिला स्पेशल पुलिस टीम (डीएसटी) ने सोमवार को गिरफ्तार किया। आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर बीकानेर से दबोचा। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्रसिंह इंदौलिया ने बताया कि नोखा उपकारागार ब्रेक के मास्टर माइंड कुचौर आथुणी निवासी रतिराम (२४) पुत्र लिछुराम जाट को डीएसटी ने पकड़ा है। उक्त आरोपी जेल ब्रेक का मास्टर माइंड था। दो महीने से आरोपी फरार था। पुलिस आरोपी दबोचने के प्रयास कर रही थी। आखिरकार दो माह बाद आरोपी पुलिस की पकड़ में आ ही गया। आरोपी को मंगलवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा।

यूं आया पकड़ में

जेल ब्रेक के बाद से आरोपी पुलिस से बचता फिर रहा था। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए डीएसटी पिछले दो महीने से उसकी गिरफ्तारी का प्रयास कर रही थी। डीएसटी प्रभारी सुभाष बिजारणिया के नेतृत्व में डीएसटी टीम के सदस्यों ने मास्टर माइंड रतिराम के बारे में संपूर्ण जानकारी जुटाई। उसके संपर्क में कौन-कौन है, वह किस-किस के पास जा सकता है। कड़ी से कड़ी जोड़ी। इतना ही नहीं डीएसटी ने आरोपी रतिराम के संपर्क में रहे संदिग्ध लोगों पर रोजाना मॉनिटरिंग करना शुरू कर दिया। मुखबीर एवं साइबर सेल के दीपक यादव के प्रयास से सोमवार को सूचना मिली कि आरोपी जयपुर-जोधपुर बाइपास रोड से जसरासर गया है। इस पर डीएसटी टीम ने नोखा पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को बीकानेर से गिरफ्तार कर लिया।

हुलिया बदलकर चार राज्यों में काटी फरारी

आरोपी रतिराम जेल ब्रेक के बाद नोखा से देशनोक गया। वहां से तेल के टेंकर में बैठकर जोधपुर चला गया। जोधपुर से राजकोट में कुछ दिन फरारी काटी, वहां पर मजदूरी भी की। बाद में राजकोट से मुंबई चला गया। मुंबई में मजदूरी का कार्य किया। मुबई में हुलिया बदलकर रहा। बाल छोटे करवा लिए तथा भीड़भाड़ वाले इलाके में रहा। बाद में मुम्बई से अहमदाबाद और वहां से दिल्ली आ गया। वहां आर्थिक तंगी से गहराने के कारण वापस बीकानेर आ गया।
आरोपी के खिलाफ दर्जनभर मामले दर्ज

आरोपी रतिराम के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में लूट, मारपीट, मादक पदार्थ तस्करी, आम्र्स एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। उक्त मामलों में आरोपी वांछित है। तीन मामले नोखा थाने में, जसरासर में दो, श्रीडूंगरगढ़ में दो, बीछवाल, नापासर, चूरू के सांडवा थाने मेंं एक-एक मामला दर्ज हैं।

इस टीम को मिली सफलता

टीएसटी प्रभारी पुलिस निरीक्षक सुभाष बिजारणिया, एएसआई रामकरणसिंह, हैडकांस्टेबल कानदान सांदू, अब्दुल सत्तार, साइबर सेल के दीपक यादव, कांस्टेबल दिलीप सिंह, वासुदेव, लखविन्द्र, योगेन्द्र, रघुवीरसिंह, पूनम, राजूराम, नरेन्द्र आदि शामिल थे। आरोपी को पकडऩे में नोखा सीआइ ईश्वर प्रसाद जांगिड़, जसरासर थानाधिकारी देवीलाल, उपनिरीक्षक भोलाराम ने भी सहयोग किया।

यह है मामला

नोखा उपकारागार से २१ अप्रेल को जेल की बैरक को तोड़कर पांच बंदी फरार हो गए। पांचों बंदी ओढऩे वाली कम्बल से रस्सी बनाई और दीवार फांद कर भाग गए। फरार हुए बंदियों में से मनदीपसिंह, सुरेश कुमार, सलीम खां व अनिल पण्डित को वारदात के बाद सप्ताहभर में गिरफ्तार कर लिया गया था लेकिन मास्टर माइंड रतिराम फरार चल रहा था।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/bikaner-hindi-news-master-mind-caught-6920446/

Comments

Popular posts from this blog

3700 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त

नाम का सुलभ कॉम्प्लेक्स, छह महीने से लगा है ताला

कोरोना से जन्म-मृत्यु पंजीयन घटे, यूडी टैक्स वसूली पर भी पड़ा असर