सड़क पर सजता है बाजार, वाहनों के खड़े रहने से सिकुड़ता मार्ग, राहगीर होते परेशान

बीकानेर. तोलियासर भैरव गली बाजार शहर के व्यस्तम बाजारों में एक है। यहां सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रहती है। बाजार में स्थित दर्जनों दुकानों के साथ दुकानों के आगे और बाजार से बाहर भैरव मंदिर के आगे ठेले-गाड़े लगे रहते है। मंदिर के समक्ष व कोयला गली की ओर चौड़ा मार्ग है, लेकिन सुबह से देर शाम तक यहां खड़े रहने वाले सैकड़ो दुपहिया वाहनों से यहां हर समय यातायात जाम की स्थिति बनी रहती है।

आमजन न तोलियासर भैरव गली बाजार में और ना ही कोयला गली की ओर आसानी से प्रवेश कर सकता है। यातायात विभाग और पुलिस विभाग को इसकी जानकारी होने के बाद भी सड़क मार्ग पर अनधिकृत रूप से खड़े रहने वाले दुपहिया वाहनों को न हटाया जा रहा है और ना ही पार्किंग के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है।

 

 

पहले वाहन अब सजी दुकानें
तोलियासर भैरव मंदिर के आगे और कोयला गली की ओर जाने वाले मार्ग पर पहले केवल दुपहिया वाहनों की मौजूदगी रहती थी। पिछले कुछ समय से सड़क मार्ग पर ही बाजार सज गया है। फास्ट फूड के ठेले गाड़े सहित विभिन्न प्रकार की अस्थायी दुकानों के ठेले भी दिनभर यहां खड़े रहते है। तोलियासर भैरव गली से मंदिर के सामने तिराहे तक दर्जनों अस्थायी दुकानें रोज सजती है। न इनको कोई रोकने वाला है और ना ही कोई टोकने वाला। सड़क पर बाजार सजने के बाद भी यातायात विभाग प्रभावी कार्यवाही नहीं कर रहा है।

 

 

25 फुट चौड़ी सड़क निकलने के लिए 5 फुट
तोलियासर भैरव मंदिर के आगे करीब 25 फुट चौडी सड़क तोलियासर भैरव गली और कोयला गली की ओर अलग-अलग बनी हुई है। दर्जनों वाहनों की मौजूदगी से बाजार गली से बाहर की ओर सड़क मार्ग पर आमजन का निकलना दूभर बना रहता है। बाजार के अंदर की ओर जाने वाले मार्ग के दोनों और अस्थायी दुकानें लगी रहती है। वहीं बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन व ठेले गाडे रहने से चलने के लिए महज पांच फुट भी बमुश्किल सड़क आमजन को मिल पाती है।

 

 

यातायात विभाग नहीं दे रहा ध्यान
तोलियासर भैरव मंदिर के आगे तिराहे तक व कोयला गली मार्ग पर बड़ी संख्या में सड़क पर अनधिकृत वाहन पार्किंग के बाद भी यातायात विभाग ने चुप्पी साध रखी है। सड़क पर बाजार सजने और अनधिकृत वाहन पार्किंग के बाद भी यातायात विभाग की चुप्पी हर किसी के मन में कई सवाल पैदा कर रही है। तोलियासर भैरव गली बाजार शहर का व्यस्तम बाजार होने के बाद भी पुलिस विभाग की भी अनदेखी इस क्षेत्र में बनी हुई है। बड़ी संख्या में वाहनों के खड़े रहने के कारण दिन में कई बार यहां जाम की स्थिति की बनती है और लोग परेशान होते रहते है।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/market-decorates-the-road-6915476/

Comments

Popular posts from this blog

3700 किलोग्राम प्रतिबंधित पॉलीथिन जब्त

नाम का सुलभ कॉम्प्लेक्स, छह महीने से लगा है ताला

कोरोना से जन्म-मृत्यु पंजीयन घटे, यूडी टैक्स वसूली पर भी पड़ा असर