तेज वोल्टेज से आधा दर्जन घरों में जले बिजली उपकरण
नोखा. कस्बे में गुरुवार को ३३ केवी बिजली लाइन में शॉर्ट सर्किट हो गया जिससे घरों में वोल्टेज बढऩे से बिजली उपकरण फूंक गए। वार्ड २४ की आदर्श कॉलोनी के वाशिदों ने बताया कि सुबह करीब ११.३० बजे अचानक घरों में तेज धमाका हुआ तो लोग बाहर निकल आए। बाद में घरों के अंदर जाकर देखा तो बल्ब, पंखें, कू??लर, फ्रिज, इनर्वटर, मोबाइल चार्जर, मीटर आदि जले मिले। करीब आधा दर्जन से अधिक घरों में ज्यादा नुकसान हुआ। राजाराम भार्गव ने बताया कि अचानक घर की बिजली लाइन में जोर धमाका हुआ तो मोबाइल चार्जर फट गए और उससे निकली चिंगारियों से बेड का गद्दा जल गया। घर के अंदर लगाए गए पंखे, इनवर्टर, बिजली बोर्ड आदि जल गए। रामेश्वर लाल भार्गव ने बताया कि उनके घर में लगे पंखें, फ्रिज, मीटर आदि जल गए। वहीं आशुराम, किशोर व अन्य लोगों ने बताया कि चार-पांच घरों में पंखों के साथ इनवर्टर भी फूंक गए।
ट्रांसफार्मर पर तार गिरा
स्थानीय लोगों ने बताया कि कॉलोनी में लगाए गए ट्रांसफार्मर पर एक तार टूटकर गिरा और वह दूसरी लाइन से टकराया और एकदम से हाई वोल्टेज प्रवाहित होने से घरों में लगाए गए बिजली उपकरणों में धुंआ निकल गया। विभागीय इस लापरवाही को लेकर लोगों ने रोष जताया और उपकरण फूंकने से हुए नुकसान की भरपाई करने की मांग की है।
सर्वे करवाएंगे
&नोखा की ३३ केवी लाइन में शॉर्ट होने से हाई वोल्टेज बढ़ गए। जिससे कुछ घरों में नुकसान होने की जानकारी मिली है। शुक्रवार को सर्वे करवाया जाएगा। वहीं बिजली लाइन शॉर्ट के दौरान एक कर्मचारी भी घायल हुआ है।
भूराराम, डिस्कॉम एक्सईएन नोखा।
पोल पर काम करते समय करंट लगने से घायल
नोखा. कस्बे के केसी नगर में गुरुवार को बिजली पोल पर काम करते समय करंट लगने से एक कर्मचारी घायल हो गया। जानकारी के अनुसार ठेकेदार का कर्मचारी रायसर निवासी धन्नेसिंह बिजली पोल पर काम कर रहा था। इसी दौरान करंट की चपेट में आने से वह नीचे गिर गया। उसे घायल अवस्था में बागड़ी अस्पताल लाया गया, यहां पर चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद बीकानेर रेफर कर दिया। घायल धन्नेसिंह ठेकेदार के अधीन काम करता है।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/electricity-equipment-burnt-in-half-a-dozen-houses-due-to-high-voltage-6914620/
Comments
Post a Comment