चिकित्सक की पर्ची लेकर घूमता, नो-पार्किंग से बाइक लेकर फरार हो जाता
बीकानेर. पीबीएम की नो-पार्किंग में खड़ी बाइकों को चुराने वाले आरोपी को डीएसटी एवं सदर पुलिस ने पकड़ा है। आरोपी के कब्जे से बाइकें और दो दर्जन मोबाइल बरामद किए गए हैं। आरोपी को सोमवार को न्यायालय में पेश किया जाएगा। कार्यवाहक पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह इंदौलिया ने बताया कि जयसिंहदेसर मगरा हाल मुरलीधर व्यास कॉलोनी निवासी श्यामसुंदर उर्फ श्यामा (२१) पुत्र पाबूराम बिश्नोई को बाइच और मोबाइल चोरी के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के कब्जे से पीबीएम परिसर से चुराई आठ बाइक और २४ मोबाइल बरामद किए हैं। आरोपी अधिकतर बाइक पीबीएम परिसर से ही चुराता। वह पीबीएम में खुद मरीज बन कर पहुंच जाता। अस्पताल की पर्ची कटवाकर घुमता रहता। इस दरम्यिान वह नो-पार्किंग में गाड़ी पार्क करने वालों पर नजर रखता। वह उनके पीछे-पीछे घूमता। बाद में मौका पाकर नो-पार्किंग से गाड़ी लेकर फरार हो जाता। एक वारदात करने के बाद वह दो-तीन दिन पीबीएम नहीं आता था।
वारदात का तरीका
आरोपी श्याम सुंदर शातिर प्रवृति का चोर है। बाइक और मोबाइल चोरी का आदतन अपराधी है। वह पीबीएम एवं शहर के विभिन्न इलाकों पर रैकी करता है। पीबीएम परिसर में नो-पार्किंग में खड़ी बाइकों को टारगेट करता है। अस्पताल में मरीज का तीमारदार बनकर घूमता रहता है। नो-पार्किंग में खड़ी बाइक के मालिक पीछे-पीछे घुमकर यह पता कर लेता है कि उसे अस्पताल में कितना समय लगेगा। इसके बाद वह मास्टर चाबी से बाइक को चुरा कर ले जाता। बाद में बाइक को छिपा देता और ग्राहक की तलाश कर उसे औने-पौन दाम में बेच देता।
यह थी टीम
एएसआइ रामकरण, हैडकांस्टेबल कानदान सांदु, अब्दुल सत्तार, साइबर सेल के हैडकांस्टेबल दीपक यादव, लक्ष्मण नेहरा, साहबराम डूडी, साइबर सेल के कांस्टेबल दिलीपसिंह, लखविन्द्र, वासुदेव, योगेन्द्र, सवाईसिंह, सुरेन्द्र सिंह, पूनमचंद आदि शामिल थे।
आरोपी यूं आया
पकड़ में
सदर सीआइ सत्यनारायण गोदारा ने बताया कि शहर में लगातार बाइक चोरी और पीबीएम में परिजनों के मोबाइल चोरी की घटनाएं सामने आ रही थी। हाल ही में व्यापारियान मस्जिद के पास रहने वाले साजिद की बाइक पीबीएम परिसर से चोरी हो गई। इस संबंध में उसने सदर थाने में मामला दर्ज कराया। सदर पुलिस ने बाइक चोरी व मोबाइल छीनने व चोरी की घटनाओं को खुलासा करने के लिए अलग-अलग टीमें गठित की। पुलिस टीम ने पीबीएम के आसपास रहने वाले संदिग्ध व्यक्तियों का डाटा तैयार किया। सीसीटीवी कैमरे चेक किए। मुखबिरों से सूचना जुटाई तब जाकर आरोपी श्यामसुंदर पकड़ में आया।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/bikaner-hindi-news-bikes-and-two-dozen-mobiles-recovered-6920431/
Comments
Post a Comment