अध्यक्ष पद के लिए आज से शुरू होगी चुनाव प्रक्रिया
बीकानेर. जिले की तीनों नगर पालिकाओं में सदस्यों के चुनाव की प्रक्रिया सम्पन्न होने के बाद सोमवार से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की प्रक्रिया शुरू होगी। अध्यक्ष पद के निर्वाचन के लिए लोकसूचना जारी होगी व नामांकन भरने की प्रक्रिया शुरू होगी। 02 फरवरी को शाम 3 बजे तक नामांकन पत्र दाखिल किए जा सकेंगे। भरे हुए नामांकन पत्रों की जांच 03 फरवरी को होगी। 04 फरवरी को शाम 3 बजे तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। नाम वापसी के तुरन्त बाद चुनाव मैदान में रहे उम्मीदवारों को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा। 07 फरवरी को अध्यक्ष पद के लिए मतदान सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक होगा। मतदान के तुरन्त बाद मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा।
आरओ और एआरओ नियुक्त
नगर पालिका आम चुनाव के तहत जिले की तीन नगर पालिकाओं में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव के लिए रिटर्निंग और सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी नमित मेहता की ओर से जारी आदेशानुसार नोखा नगरपालिका के लिए रिटर्निंग अधिकारी उपखंड अधिकारी नोखा को व सहायक रिटर्निंग अधिकारी के रूप में तहसीलदार नोखा को नियुक्त किया गया है । इस चुनाव के लिए कार्यालय नगर पालिका नोखा रिटर्निंग अधिकारी का कार्यालय रहेगा। इसी प्रकार डूंगरगढ़ नगरपालिका के लिए उपखंड अधिकारी श्री डूंगरगढ़ को रिटर्निंग अधिकारी तथा नायब तहसीलदार श्री डूंगरगढ़ को सहायक रिटर्निग अधिकारी नियुक्त किया गया है। देशनोक नगरपालिका के लिए उपखंड अधिकारी बीकानेर को रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त किया गया है तथा तहसीलदार बीकानेर को सहायक रिटर्निंग अधिकारी नियुक्त करते हुए नगर पालिका देशनोक कार्यालय को रिटर्निंग अधिकारी का कार्यालय बनाया गया है।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/the-election-process-for-the-post-of-president-will-begin-today-6662752/
Comments
Post a Comment