3.76 लाख बच्चे गटकेंगे दो बूंद जिंदगी की
बीकानेर. जिले में रविवार को पल्स पोलियो महाअभियान का आयोजन होगा। स्वास्थ्य विभाग की ओर से शहर से ग्रामीण क्षेत्रों तक 0 से 5 वर्ष तक की आयु के बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। पल्स पोलियो बूथों पर सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक बच्चों को पोलियो वैक्सीन की खुराक पिलाई जाएगी। सीएमएचओ डॉ. सुकुमार कश्यप के अनुसार अभियान का जिला स्तरीय उद्घाटन सेटेलाईट जिला अस्पताल स्थित बूथ पर जिला कलक्टर नमित मेहता बच्चों को ओरल पोलियो वैक्सीन पिला कर करेंगे। अभियान के दौरान पूरे जिले में 3 लाख 76 हजार बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
अभियान के नोडल अधिकारी आरसीएचओ डॉ. राजेश कुमार गुप्ता के अनुसार अभियान को लेकर जिले में 1513 स्थायी बूथ स्थापित किए गए है। वहीं 55 ट्रांजिट टीम, 147 मोबाइल टीमों की ओर से बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाई जाएगी। अभियान को लेकर जिले में 204 हाई रिस्क एरिया को चिह्नित किया गया है, जिन पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। अभियान में 290 सुपरवाईजर और 6090 वैक्सीनेटर्स की सहायता से 3 . 76 लाख बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाई जाएगी।
बस स्टैण्ड व रेलवे स्टेशन पर रहेगी व्यवस्था
आरसीएचओ के अनुसार अभियान को लेकर गठित ट्रांजिट टीमों की ओर से सभी प्रमुख बस स्टैण्ड और रेलवे स्टेशन पर बच्चों को पोलियो वैक्सीन पिलाई जाएगी। वहीं स्लम-कच्ची बस्तियों, ढाणियों, घुमंतु परिवारों, रोड साइड कन्सट्रक्शन साइट जैसे हाई रिस्क एरिया के लिए मोबाइल टीमों का गठन किया गया है। अभियान की सफलता के लिए नर्सिंग कॉलेज, रोटरी क्लब, महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, स्काउट गाइड व स्वयंसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जा रहा है।
source https://www.patrika.com/bikaner-news/3-76-lakh-children-will-drop-two-drops-of-life-6660966/
Comments
Post a Comment