निगम में मनोनीत पार्षद के लिए बिठा रहे जुगत

बीकानेर. प्रदेश में राजनीतिक नियुक्तियों की सुगबुगाहट के साथ ही कांग्रेस कार्यकर्ता सक्रिय हो गए है। जिला और प्रदेश स्तर की विभिन्न कमेटियों सहित स्थानीय निकायों में पार्षदी के लिए जुगत बिठाने के प्रयास शुरू हो गए है। इसके लिए कार्यकर्ता बीकानेर से जयपुर तक नेताओं और मंत्रियों से सम्पर्क साध रहे है। वहीं कई नेता भी अपने चुनींदा कार्यकर्ताओं को राजनीतिक नियुक्तियों के माध्यम से पद दिलवाने का प्रयास करने में जुट गए है।

 

नगर निगम में भी पार्षद मनोनीत होने के लिए कई कार्यकर्ता दौड़ में शामिल बताए जा रहे है। मंत्रियों सहित शहर जिला कांग्रेस कमेटी और प्रदेश कांग्रेस कमेटी पदाधिकारियों से भी सम्पर्क बनाए हुए है। बताया जा रहा है निगम में छह पार्षद मनोनीत हो सकते है। इसके लिए पूर्व में मनोनीत हुए पार्षद, पूर्व में निर्वाचित हुए पार्षद और ब्लॉक व अग्रिम संगठनों से जुड़े कार्यकर्ता शामिल बताए जा रहे है जो मनोनीत पार्षद की दौड़ में शामिल है।

 


एकराय पर संशय
कांग्रेस पदाधिकारी सर्वसम्मति और एकराय से राजनीतिक नियुक्तियों की बात जरुर कह रहे है, लेकिन कांग्रेस में समय-समय पर सामने आई धडेबंदी को देखते हुए नहीं लगता है कि बीकानेर में राजनीतिक नियुक्तियों और निगम में मनोनीत पार्षदों को लेकर रस्साकसी नहीं होगी। विधानसभा चुनाव के समय टिकटों के वितरण और हार-जीत के बाद से शुरू हुई अन्दरूनी खटास अभी तक समय-समय पर सामने आती रही है। ऐसे में प्रदेश कांग्रेस और राज्य सरकार में जिले के नेताओं की दमदार मौजूदगी का असर राजनीतिक नियुक्तियों पर भी देखने को मिल सकता है।

 

 

नेता प्रतिपक्ष के लिए भी दौड़
नगर निगम में मनोनीत पार्षदों सहित नेता प्रतिपक्ष को लेकर भी निर्वाचित पार्षदों में दौड़ चल रही है। नेता प्रतिपक्ष को लेकर कांग्रेस पार्षद दो धड़ो में बंटे नजर आ रहे है। हालांकि हाल ही में कांग्रेस पार्षदों ने एक बैठक कर एक होने का संदेश देने का जरुर प्रयास किया था, लेकिन बैठक के बाद भी नेता प्रतिपक्ष को लेकर पार्षदों के सुर अलग-अलग बने हुए है। नेता प्रतिपक्ष को लेकर कई पार्षद दौड़ में शामिल बताए जा रहे है। बीकानेर से जयुपर तक पार्टी पदाधिकारियों और जिले के प्रभारी मंत्री सहित कई अन्य मंत्रियों के समक्ष अपने मन की बात रख चुके है।

 

 

जल्द होगी नियुक्तियां
कोरोना के कारण राजनीतिक नियुक्तियों में थोड़ा विलम्ब हो रहा है। संभावना है, जल्द राजनीतिक नियुक्तियां होगी। पार्टी के सक्रिय और निष्ठावान तथा पार्टी के लिए लगातार कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को जरुर काम करने का अवसर मिलेगा। कांग्रेस के सभी पार्षद एक है। पार्षदों की सर्वसम्मति से निगम में नेता प्रतिपक्ष के लिए एक नाम तय होगा।
यशपाल गहलोत. अध्यक्ष शहर कांग्रेस कमेटी बीकानेर।



source https://www.patrika.com/bikaner-news/bikaner-nagar-nigam-nominated-councilor-in-the-corporation-6230564/

Comments

Popular posts from this blog

नाल पुलिस ने नशीली टेबलेट व डोडा-पोस्त तस्करों के डाली नकेल

कोरोना से तीन की मौत, १६९ नए संक्रमित

बीकानेर- मेघगर्जन के साथ धूल भरी आंधी की संभावना